Friday 12 August 2016

विजय रूपानी ने ली गुजरात सीएम पद की शपथ, कैबिनेट में 25 मंत्री शामिल


गुजरात के 16 वें मुख्यमंत्री के तौर पर भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय रूपानी ने मुख्यमंत्री के तौर पर रविवार को गांधीनगर में शपथ ली। यहां महात्मा मंदिर में आयोजित समारोह में राज्यपाल ओपी कोहली ने रूपानी के अलावा उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल तथा कैबिनेट स्तर के सात अन्य मंत्रियों और राज्य स्तर के 16 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय रूपानी ने अपनी कैबिनेट में कुल 25 मंत्रियों को शामिल किया। कैबिनेट में जो 25 मंत्री शामिल किए गए हैं, उनमें से 8 पटेल हैं। इनमें उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल भी शामिल हैं। मंत्रिमंडल में 8 पटेल नेताओं के अलावा, 14 जनरल कैटेगरी के विधायक हैं, जबकि 7 ओबीसी, 3 एसटी और 1 अनुसूचित जाति के नेता हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन सरकार के 9 मंत्रियों की छुटटी हो गई, वहीं 9 विधायक पहली बार मंत्री बने।  विजय रूपानी के अलावा नितिन पटेल का नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल था लेकिन आखिरकार सियासी समीकरण रूपानी के पक्ष में बने और नितिन पटेल को उप मुख्यमंत्री पद से ही संतोष करना पड़ा।
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली, स्थानीय भाजपा सांसद और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी के संगठन महामंत्री रामलाल, केद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, पुरूषोत्तम रूपाला और पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती आनंदीबेन पटेल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत कई राजनेता और अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद थे।
पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने कुछ दिन पहले ही फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर इस्तीफा देने के अपने फैसले की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि वह इस पद से हट जाना उपयुक्त समझती हैं क्योंकि वह इस साल नवंबर में 75 की हो जाएंगी। ऐसा माना जाता है कि प्रधानमंत्री ने केंद्र और राज्यों के मंत्रिमंडल में मंत्रियों के लिए यह ऊपरी उम्र सीमा तय कर रखी है।

आज भारत की अधिकांश आम जनता भले ही विजय  रूपानी का नाम पहली बार सुन रही हों, लेकिन वे बीजेपी के इनर सर्किल के जाने-माने चेहरे हैं। 60 वर्षीय विजय रूपानी जैन समुदाय से ताल्लुक रखते हैं और गुजरात प्रांत में बीजेपी के अध्यक्ष भी रहे हैं। वे बीजेपी संगठन पर अच्छी पकड़ रखते हैं। वे राजकोट पश्चिम से विधायक रहे हैं । उनके समक्ष गुजरात सरकार में परिवहन, वॉटर सप्लाई और लेबर एंड एम्प्लॉय जैसे मंत्रालय भी रहे हैं । 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुजरात के नए मुख्यमंत्री विजय रूपानी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को बधाई दी। मोदी जी ने ट्वीट कर कहा, ‘विजय रूपानी, नितिनभाई पटेल और अन्य को बधाई। इन्होंने गुजरात की विकास यात्रा को जारी रखने के लिए अपनी नई पारी शुरू की है।मैं आनंदीबेन की समर्पित सेवा की प्रशंसा करता हूं। जिन्होंने कई वर्षों तक गुजरात के लोगों के लिए अथक काम किया।

No comments:

Post a Comment